– एनजीटी के नियमों की खुलेआम उड़ रही धज्जियां
बांदा। जनपद के मटौंध थाना क्षेत्र के अन्तर्गत संचालित होने वाली मरौली खण्ड चार व पांच नंबर की खदान प्रशासन के लिए नासूर बनती जा रही है। इन दोनों खदानों में नियमों को धता बताते हुए धड़ल्ले से अवैध खनन कार्य किया जा रहा है। वैध पट्टे की आड़ में अवैध खनन से रोजाना लाखों रूपये के राजस्व की चोरी प्रशासन की हो रही है। जिससे प्रशासन को भारी-भरकम नुकसान उठाना पड़ रहा है। इन दानों खदानों को रसूखदार लोगों का खुले तौर पर संरक्षण सहित खनिज विभाग की मिली भगत के आरोप भी समय-समय पर लगते रहे हैं।
मरौली चार नंबर की खदान की बात करें तो इस खदान को खदान संचालक को खास प्यादा नानू झा देख रहा है। जिसकी निगरानी में केन जलधारा को बंधक बनाकर अवैध खनन कार्य किया जा रहा है। जबकि मरौली खण्ड पांच की खदान को संजीव गुप्ता व उसका खास प्यादा शक्ति देख रहा है। जिसकी शक्ति का असर इस खदान में खुलेआम दिखाई दे रहा है। जलीय जीवों की हत्या रोजाना इस खदान में होना आम बात बन चुकी है। इस खदान में लगातार कई बार प्रशासन के द्वारा अवैध खनन के मामले में कार्यवाही की गयी। लेकिन कार्यवाही के बाद भी अवैध खनन रूकने का नाम नहीं ले रहा। सारे नियमों को धता बताते हुए अवैध खनन कार्य किया जा रहा है।