– दुकानदारों को दोबारा अतिक्रमण न करने की दी हिदायत
बांदा। सड़कों को अतिक्रमण मुक्त किये जाने को लेकर प्रशासन ने एकबार फिर मुहिम छेड़ी है। नगर मजिस्ट्रेट ने अभियान चलाकर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराया। साथ ही दुकानदारों को दोबारा अतिक्रमण न करने की हिदायत दी।
नगर मजिस्ट्रेट संदीप केला ने शहर में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। महेश्वरी देवी चौराहे से लेकर चौक बाजार तक प्रशासन की टीम ने दल-बल के साथ कार्रवाई की। जिससे दुकानदारों और ठेला-फेरी लगाने वालों में हड़कंप मच गया। जैसे ही अभियान शुरू हुआ, कई लोगों ने आनन-फानन में अपना सामान समेटना शुरू कर दिया,जबकि कुछ स्थानों पर प्रशासन को सख्ती भी करनी पड़ी। अभियान के दौरान महेश्वरी देवी चौराहा,प्रकाश टॉकीज, कोतवाली क्षेत्र,शंकर गुरु चौराहा, चौक बाजार, सब्जी मंडी और छावनी चौराहा तक सड़क और पटरी पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। खासतौर पर नालों के ऊपर रखे गए अस्थायी ढांचे,तख्त,टीनशेड और अन्य सामान को भी हटाया गया। जिससे जल निकासी व्यवस्था बाधित हो रही थी। प्रशासन ने मौके पर मौजूद लोगों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि यदि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। नगर मजिस्ट्रेट संदीप केला ने बताया कि शहर के मुख्य बाजारों में अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न होती है। जिससे आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। उन्होंने यह भी कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी हाल में सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।