– जानकारी होने पर डीएम ने गार्ड की ली क्लास
– पीड़ित को दिया राशन कार्ड बनवाने का आश्वासन
बांदा। प्रदेश की योगी सरकार के द्वारा अफसरों को भले ही सख्त निर्देश दिये गये हों कि जनता की शिकायतों को निस्तारण हर हाल मंे करें और निर्धारित समय में सभी अफसर अपने कार्यालयों में बैठें। लेकिन जनपद के अफसरों से मिलने पर आम लोगों को छोड़िये अब दिव्यांग ही परेशान होते नजर आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला कलेक्ट्रेट परिसर में उस वक्त सामने आया जब एक दिव्यांग व्यक्ति राशन कार्ड बनवाने को लेकर डीएम से मिलने गया लेकिन डीएम के कार्यालय के बाहर तैनात गार्डों ने उसको डीएम से मिलने नहीं दिया। लेकिन दिव्यांग ने फिर भी हिम्मत नहीं हारी और डीएम की कार के पास जाकर इंतजार करने लगा, जैसे ही डीएम अपनी कार में बैठे तो दिव्यांग ने अपनी आप बीती उनको बता दी। जिसको सुनकर पहले को डीएम ने अपने गार्डों की जमकर क्लास लगाई। इसके बाद दिव्यांग व्यक्ति को आश्वासन दिया कि बहुत जल्द ही तुम्हारा राशन कार्ड बन जायेगा, आप परेशान न हों।
जानकारी के अनुसार नरैनी तहसील क्षेत्र के बरूवा स्योढ़ा निवासी दिव्यांग बच्चा सिंह पुत्र रामकिशोर तीन वर्षों से राशन कार्ड बनवाने के लिए दर-दर भटकर रहा है।शुक्रवार को पीड़ित दिव्यांग व्यक्ति जिलाधिकारी अमित आसेरी से मिलने उनके कार्यालय पहुंचा तो उनके कक्ष के बाहर तैनात गार्डों ने उसको डीएम से मिलने नहीं दिया। लेकिन दिव्यांग बच्चा ने फिर भी हिम्मत नहीं हारी और डीएम की सरकारी गाड़ी के पास उनका इंतजार करने लगा। जनता की शिकायतें सुनने के बाद जैसे ही जिलाधिकारी अपनी कार में बैठकर जाने लगे तो दिव्यांग को वहां बैठा देख उससे हाल-चाल लिया। इस पर बच्चा सिंह ने आप बीती जिलाधिकारी को बताई तेा जिलाधिकारी ने पहले तो अपने कक्ष के बाहर तैनात गार्डों की जमकर क्लास लगाई। इसके बाद दिव्यांग बच्चा सिंह को आश्वासन दिया कि उसका राशन कार्ड बहुत जल्द बन जायेगा। इस पर बच्चा ने जिलाधिकारी का धन्यावाद दिया और अपने घर के लिए वापस चला गया।