बांदा।आयुक्त, चित्रकूटधाम मण्डल, बाँदा अजीत कुमार द्वारा आज जनपद चित्रकूट में रात्रि में हुई वर्षा के कारण बढ़े मंदाकिनी नदी के जलस्तर का स्थलीय जायजा लिया गया। सिंचाई विभाग के फ्लड कंट्रोल रूम, प्रथम कर्वी द्वारा उपलब्ध करायी गयी सूचना के अनुसार मंदाकिनी नदी रामघाट पर खतरे का निशान 126.500 मीटर है तथा आज दोपहर 12 बजे नदी का जलस्तर 126.700 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से 20 सेंटीमीटर अधिक है। जलस्तर में वर्तमान में गिरावट का रुझान बना हुआ है। आयुक्त ने नदी के जलस्तर की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निरन्तर निगरानी बनाए रखने तथा जलस्तर में होने वाले प्रत्येक परिवर्तन की तत्काल सूचना उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला एवं मण्डल प्रशासन स्थिति पर सतत निगरानी रखे हुए है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। आयुक्त ने मंदाकिनी नदी के आसपास रहने वाले स्थानीय लोगों एवं जनपदवासियों से अपील की कि घबराने की आवश्यकता नहीं है। जिला प्रशासन एवं मण्डल प्रशासन पूरी तरह उनके साथ है। उन्होंने लोगों से नदी के जलस्तर एवं मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने तथा अनावश्यक रूप से नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों के समीप न जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संभावित बाढ़ की स्थिति में प्रभावित व्यक्तियों के लिए रहने, भोजन, पेयजल तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पर्याप्त रूप से सुनिश्चित की गई हैं
।