बांदा। चिल्ला थाना क्षेत्र के पपरेंदा गांव में लगातार हो रही बारिश के चलते शनिवार की रात एक कच्चा मकान भरभराकर ढह गया।मलबे में दबकर घर में सो रहे 70 वर्षीय वृद्ध चुन्नी वर्मा की मौत हो गई।हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने मलबा हटाकर वृद्ध को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।पपरेंदा गांव निवासी चुन्नी वर्मा पुत्र स्वर्गीय सुखारी वर्मा शनिवार की रात करीब 1.30 बजे अपने कच्चे मकान में सो रहे थे।पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते मकान कमजोर हो गया था।देर रात अचानक मकान भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा।हादसे की जानकारी होते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला। हालांकि,तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।मृतक के बेटे ने बताया कि उनके पिता मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे।उनकी पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में छह बेटे हैं,जो गांव में रहकर मजदूरी करते हैं।मृतक के नाम मात्र एक बीघा जमीन है।परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर बताई गई है।वृद्ध की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।गांव में भी शोक का माहौल है।परिजनों ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *