वाराणसी। G-20 आयोजन को लेकर नगर निगम प्रशासन मुस्तैद हो गया है। नगर में अभियान चलाकर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नगर निगम की टीम जेसीबी मशीन लेकर सड़क पर उतरी। इस दौरान भेलूपुर व वरूणा पार जोन में अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे से वेंडरों को वेंडिंग जोन में शिफ्ट किया गया। लहरतारा में कैंसर अस्पताल के सामने झुग्गी-झोपड़ी लगाकर कब्जा जमाए लोगों के अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। अभियान के दौरान प्रवर्तन दल ने तीन गाड़ी सामान भी जब्त कर लिया। कार्रवाई से खलबली मची रही जोनल अधिकारी भेलूपुर जोन जेके आनंद और जोनल अधिकारी वीडीए चंद्रभानु की उपस्थिति में मड़वाडीह चौराहा से सुंदरपुर तक अभियान चला। इसी तरह जोनल अधिकारी इंद्र विजय यादव के नेतृत्व में लहरतारा स्थित कैंसर अस्पताल से मंड़ुआडीह चौराहे तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। जोनल अधिकारी वरुणा पार जोन संजय तिवारी के नेतृत्व में संत अतुलानंद विद्यालय से शिवपुर बाईपास मार्ग पर और संत अतुलानंद विद्यालय से भोजूवीर होते हुए सर्किट हाउस तक सड़क किनारे कब्जा जमाए अतिक्रमणकारियों को खदेड़ा गया पूरे इलाके में घोषणा कर सभी दुकानदारों का अतिक्रमित सामान हटवा कर सड़क और पटरी खाली करवाया गया। मार्ग में जितने भी वेंडर मार्ग को अवरुद्ध कर सड़क पर वेंडिंग कर रहे थे, उन सभी को सड़क से हटवा कर नजदीकी वेंडिंग जोन में व्यवस्थित किया गया। मार्ग में जितने भी दुकानदारों ने अवैध तिरपाल/पन्नी बांधा गया था, सभी को खुलवा दिया गया। पूरे मार्ग में मकानों/दुकानों के आगे नाली पर अवैध रूप से लगाए गए टीनशेड खुलवा दिया गया। लहरतारा स्थित कैंसर अस्पताल के सामने सड़क किनारे अवैध रूप से झुग्गी झोपड़े बना कर और गुमती रख कर अवैध रूप से कब्ज़ा किया हुआ था, जिसे रेलवे के जेई की उपस्थिति में ध्वस्त करवाकर पूरा इलाका खाली करवा दिया गया। पूरे इलाके में सभी दुकानदारों को साफ सफाई का ध्यान रखने के लिए निर्देशित किया गया। सप्तसागर मंडी से प्राप्त आईजीआरएस शिकायत के आधार पर मौके पर पहुंच सभी दुकानदारों को हिदायत देते हुए मार्ग अवरुद्ध कर मार्ग में रखे हुए ठेला और गुमटी को हटवा कर मार्ग खली करवाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *