बांदा। दिल्ली जाने की बात कहकर घर से निकले युवक का शव रेलवे ट्रैक पर दो हिस्सों में कटा पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। परिजनों ने आशंका जताई है कि उसने ट्रेन से कटकर खुदकुशी की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कमासिन कस्बा निवासी रोहित (27) पुत्र योगेंद्र पांडेय शुक्रवार की शाम दिल्ली जाने की बात कहकर घर से निकल आया था। उसने रेलवे स्टेशन पर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का टिकट भी ले रखा था। रात को उसका शव रेलवे स्टेशन और केन नदी के समीप रेलवे ट्रैक पर पड़ा पाया गया। शव दो हिस्सों में बंटा हुआ था। कहा जा रहा है कि युवक ने ट्रेन से कटकर जान दी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। युवक के पास से मिले मोबाइल नंबर और आधार कार्ड के जरिए परिजनों को सूचना दी गई।