आयुक्त की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई समीक्षा बैठक
बांदा। आयुक्त चित्रकूटधाम मण्डल बांदा बालकृष्ण त्रिपाठी की अध्यक्षता में मयूर भवन सभागार में 50 लाख से अधिक लागत की परियोजनाओ के कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में आयुक्त ने कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिन परियोजनाओं के कार्य पूर्ण होने वाले हैं, उन कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराकर सम्बन्धित विभागों को हस्तगत करायें। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्तायुक्त सामग्री का प्रयोग करते हुए उसको चेक कराने के भी निर्देश दिये। उन्होंने कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के द्वारा जनपद चित्रकूट में मऊ तहसील के अग्निसमन केन्द्र व आवासीय-अनावासीय भवनों के निर्माण कार्य तथा जनपद बांदा के वाह्य न्यायालय बबेरू में न्यायालय कक्ष व आवासों का निर्माण कार्य 15 फरवरी, 2024 तक पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के कार्यों को भी गुणवत्ता के साथ फरवरी में पूर्ण करने के निर्देश दिये।
बैठक में राजकीय निर्माण निगम के अधिशाषी अभियंता तथा यूपीआरएनएसएस के सम्बन्धित अधिकारी के उपस्थित न होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। उन्होंने यूपीपीसीएल द्वारा महोबा में टाटा टेक्नालॉजी के सहयोग से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान चरखारी एवं महोबा का उन्नयन किये जाने हेतु आधुनिक कार्यशाला तथा प्रशिक्षण कक्ष इत्यादि के निर्माण कार्य को माह फरवरी में पूर्ण करने के निर्देश दिये। उ0प्र0 आवास विकास परिषद द्वारा जनपद चित्रकूट में थाना मारकुण्डी, थाना बहिलपुरवा व बरगढ में 32 क्षमता के हास्टल व बैरक के कार्य को तेजी के साथ पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिये। उ0प्र0 आवास विकास परिषद द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय महुआ जनपद बांदा के एकेडमिक ब्लाक एवं बालिका छात्रावास के भवन का निर्माण कार्य इस माह तक पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने उ0प्र0 पुलिस आवास निगम लिमिटेड द्वारा कराये जा रहे कार्यों में प्रगति काफी धीमे होने एवं कार्य अभी तक पूर्ण न होने पर असंतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिये कि जो छोटे-छोटे अवशेष कार्य बचे हैं, उनको तत्काल पूर्ण कराकर हैण्डओवर करें। यूपीआरएनएसएस कार्यदायी संस्था द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय कमासिन बांदा में एकेडमिक ब्लाक एवं छात्रावास के निर्माण कार्य को फरवरी माह में प्रत्येक दशा में पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्माणाधीन गौ संरक्षण केन्द्रों का निर्माण कार्य 45 दिन के अन्दर पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने जनपद चित्रकूट में हवाई पट्टी के विस्तारीकरण के कार्य की समीक्षा करते हुए बाउन्ड्री वॉल के कार्य तथा एप्रोच रोड के अवशेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराये जाने के निर्देश कार्यदायी संस्था राइट्स लि0 को दिये। उन्होंने चित्रकूट जनपद के ग्राम पंचायत बरूआ गंज एवं देवहटा संम्पर्क मार्ग का निर्माण कार्य तथा जनपद हमीरपुर के विकास खण्ड राठ के ग्राम छिन्नावीरा में संम्पर्क मार्ग के निर्माण कार्य को गुणवत्ता एवं तेजी के साथ शीघ्र पूर्ण कराये जाने के निर्देश कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण सेवा को दिये। बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त अनिल कुमार सिंह सहित सम्बन्धित कार्यदायी संस्थाओं एवं सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।