– दिनभर रही रंगारंग कार्यक्रमों की रही धूम
– प्रभातफेरियों सहित रैलियों का जनपद में चलता रहा दौर
बांदा। शुक्रवार को जनपद में आजादी का पर्व स्वतत्रंता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर प्रातःकाल में स्कूली बच्चों ने प्रभातफेरी निकाली वहीं सरकारी कार्यालयों, सहित स्कूल कालेजों व राजनैतिक दलों के कार्यालयों में झण्डा रोहण कर स्वतंत्रता दिवस के शहीदों को नमन किया गया। 79वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षाेल्लास एवं गरिमामयी वातावरण में मनाया गया। कलेक्टर प्रांगण में ध्वजारोहण राज्य मंत्री जल शक्ति विभाग उत्तर प्रदेश रामकेश निषाद द्वारा जिलाधिकारी बाँदा जे रीभा की उपस्थिति में किया गया। इसके उपरान्त कलेक्ट सभागार में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितजनों को पुष्प, नारियल, मिष्ठान एवं अंगवस्त्र भेंट कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितजन जिनमें डा. संजय द्विवेदी, सत्य प्रकाश द्विवेदी, रज्जाक, स्पर्श गुप्ता, हरिश्चंद्र, रामकृष्ण, हरिश्चंद्र बाजपेयी, श्रीमती कृष्ण कुमारी सहित अन्य परिजनों को सम्मानित किया गया।
मंत्री ने अपने संबोधन में सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं और कहा कि हमारे देश की स्वतंत्रता को बनाए रखने तथा महान नेताओं के आदर्शों को स्मरण करते हुए हमें सदैव उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि 1857 की क्रांति से लेकर 1947 तक का स्वतंत्रता संग्राम हमारे देश के महान बलिदानों और संघर्षों का प्रतीक है। आज़ादी के बाद हमें राष्ट्रनिर्माण का जो अवसर मिला है, उसे क्रांतिकारियों के सपनों को साकार करने में लगाना चाहिए। मंत्री ने आगे कहा कि एक भारत श्रेष्ठ भारतष् की दिशा में देश निरंतर अग्रसर है और विविधता में एकता की हमारी परंपरा ही हमें विश्व गुरु बनने की ओर ले जा रही है। इसी संदर्भ में उन्होंने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प को दोहराया और सभी से राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि हमारे देश के आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने हेतु निरंतर कार्य किया जा रहा है। अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे ने विस्तार पूर्वक महापुरुषों के जीवन आदर्शों पे चलने की प्रेरणा दी। इसके पश्चात उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मचारी जिनमें रजनी, दीपक, लवलेश, शिवांग सहित अन्य को माननीय मंत्री द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अन्य राजस्व अधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में उपस्थित जनपद के संभ्रांत नागरिक, समाजसेवी से शोभाराम कश्यप, शादी उजमा, जिला सूचना अधिकारी रामजी दुबे,अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी शारदा निषाद साहित्य अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी गण उपस्थित रहे। अंत में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) कुमार धर्मेन्द्र ने मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए समारोह के समापन की घोषणा की। कार्यक्रम का संचालन अपर जिलाधिकारी (न्यायिक ) के स्टेनो मोहम्मद शाकिर द्वारा किया गया।
इसी तरह 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त कार्यालय चित्रकूटधाम मंडल बांदा में गरिमामयी ढंग से मनाया गया। आयुक्त चित्रकूटधाम मण्डल बांदा में आयुक्त अजीत कुमार ने ध्वजारोहण किया, इसके पश्चात राष्ट्रगान का गायन हुआ। उन्होंने कार्यक्रम में कहा कि हमें देश को आजादी दिलाने में शहीद बलिदानियों एवं महापुरूषों तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने जो महत्वपूर्ण योगदान दिया है, उसके प्रति हम सभी कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। हमें अपने राष्ट्र के प्रति समर्पित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम जिस पद पर कार्य कर रहे हैं, हमें अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों को निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ पूर्ण करते हुए समाज के पात्र व्यक्तियों को शासन की संचालित सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाकर, उनकों आर्थिक रूप से समृद्ध बनाना है। हमें सब के प्रति सम्यक भावना रखनी है। उन्होंने कहा कि हम सबको संविधान का पालन करना चाहिए। इस अवसर पर संयुक्त विकास आयुक्त अरविंद कुमार सहित आयुक्त कार्यालय के अन्य अधिकारी/कर्मचारी एवं अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
इसी तरह न्यायालय परिसर में जनपद न्यायाधीश देवेंद्र सिंह प्रथम ने आज न्यायालय परिसर में ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं तथा न्यायालय के समस्त कर्मचारियों ने देशभक्ति के उल्लास में एकत्र होकर तिरंगे को सलामी दी। सभी न्यायिक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) डा. विकास श्रीवास्तव एवं प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश चंद्रपाल भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।डा. श्रीवास्तव ने अपने उद्बोधन में स्वतंत्रता संग्राम के महान सपूतों को स्मरण करते हुए कहा कि “स्वतंत्रता दिवस केवल एक उत्सव नहीं, यह उन वीर बलिदानों का स्मरण है जिन्होंने हमें आज़ादी दिलाई। तिरंगा हमें सदैव एकता, साहस और बलिदान की प्रेरणा देता है।” कर्मचारी संगठन के पूर्व सचिव श्री रोआब आलम ने स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रहित में समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मुन्नीलाल तथा प्रशासनिक सहायक जितेंद्र कुमार ने भी कर्मचारियों में उत्साह और राष्ट्रप्रेम का संचार किया। मनोज जैन, प्रेम बाबू, नाज़िर शिवम आर्य, अमित गुप्ता ने तिरंगे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तिरंगा केवल देश की आन-बान-शान ही नहीं, बल्कि एकता, साहस और बलिदान का प्रतीक है। कार्यक्रम के अंत में जनपद न्यायाधीश महोदय ने कहा कि “स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि यह हम सबकी जिम्मेदारी है कि हम अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करें।” राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ और पूरा न्यायालय परिसर देशभक्ति के गीतों और तिरंगे की शान से गूंज उठा।
वहीं जिलाधिकारी बांदा जे रीभा ने आज केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ‘सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण के 11 वर्ष’ पर आयोजित दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। देशभर में मनाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान व स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इस चित्र प्रदर्शनी व जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की क्षेत्रीय इकाई बांदा द्वारा आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज में किया जा रहा है। इस दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी में सांस्कृतिक व अन्य जागरूकता संबंधी गतिविधियों का आयोजन होगा।
चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन करने के पश्चात अपने संबोधन में कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिलाधिकारी बांदा ने बच्चों को शिक्षा का महत्व बताते हुए कहा कि पढ़ाई के पास एक जादू होता है जीवन बदलने का। आपकी अन्य वस्तुएं कोई भी ले सकता या चोरी हो सकती हैं। लेकिन आपका पढ़ा हुआ आपसे कोई नहीं ले सकता। कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों को विद्यालय में मोबाइल फोन न लाने के लिए बोलते हुए जिलाधिकारी ने बच्चों को स्वयं का उदाहरण देते हुए बताया कि आईएएस की ट्रेनिंग के दौरान एंडरोइड फोन उन्होने लिया। कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों से कहा आप सब भी मोबाइल फोन से दूर रहिए। स्कूल में फोन किसी भी सूरत में नहीं इस्तेमाल करना है। पढ़ाई के पास आपका जीवन बदल देने की शक्ति है। साथ ही कहा कि आज से लगभग 80 वर्ष पहले जिन बलिदानियों ने हमें आजाद करने के लिए अपने प्राणों की आहुती दी। हमें उनको याद रखना बहुत जरूरी है।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक बांदा दिनेश कुमार ने छात्रों से कहा कि दिनांक 16 अगस्त को भी चित्र प्रदर्शनी लगी रहेगी। लोगों को अधिक से अधिक संख्या में इसे देखने के लिए आना चाहिए। प्रदर्शनी पर कहा कि आज 15 अगस्त 2025 को देश आजादी के 78 वर्ष पूरे कर रहा है। यह दिन हमें अपनी मातृभूमि के प्रति अपने प्यार और गौरव को दर्शाता है। इससे पूर्व सुबह आदर्श बजरंग इंटर कालेज के छात्रों ने उत्साह से हर घर तिरंगा रैली विद्यालय प्रांगण से निकाली। देशभक्ति से ओत-प्रोत छात्रों ने गगनचुंबी नारे लगा जगह-जगह- लोगों को उत्साहित किया। इस दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी व अन्य मनोरंजक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 15 और 16 अगस्त को आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज में किया जा रहा है। चित्र प्रदर्शनी के पहले दिन एक पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विजेता 25 प्रतिभागी थे।
गौरतलब है कि इस जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो क्षेत्रीय कार्यालय बांदा द्वारा किया जा रहा है। इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, गौरव त्रिपाठी ने कहा कि आज जिस भूमि को हम अपना स्वतंत्र देश मानते हैं उसे आजाद हुए 78 वर्ष हो चुके हैं। इस वर्ष हम 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। इस विद्यालय में लगी हुई चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन कर आप सभी अति-महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं व सरकार के द्वारा चलाई जा रही भिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं को जान सकते हैं। और अपने से जरूरतमंद लोगों को आप इन योजनाओं के बताने मात्र से आप किसी का भला करेंगे और उस व्यक्ति को समय से उचित लाभ या मदद मिल सकती है।इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मेजर मिथलेश कुमार पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी इस बात पर ज़ोर देते हैं कि भारत एक युवा राष्ट्र है। जिसमें अपार युवा शक्ति है। उनका कहना है कि आज 20-25 वर्ष की आयु के युवा जब 45-50 वर्ष की आयु में पहुंचेंगे तो विकसित भारत के सबसे बड़े लाभार्थी होंगे। जन-जागरूकता कार्यक्रम में मंत्रालय के नामित सांस्कृतिक दल लोकवाणी, महोबा के कलाकारों द्वारा मनोरंजक माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना व स्वास्थ्य विभाग ने अपने स्टाल लगा लोगों को स्वास्थ्य, पुष्टाहार संबंधी व अन्य जानकारियाँ दीं।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित थे विद्यालय के शिक्षकगण व अन्य विशिष्टजन मौजूद रहे।