छोटी काशी गोला कॉरिडोर का एडीएम ने किया निरीक्षण, सुस्त रफ्तार पर जताई नाराज़गी।
मैन पावर बढ़ाने और थर्ड पार्टी जांच के निर्देश।
लखीमपुर खीरी,08 सितंबर। गोला गोकर्णनाथ कॉरिडोर परियोजना की रफ्तार सुस्त देखकर एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह सख्त हो गए। सोमवार को उन्होंने उप निदेशक पर्यटन कल्याण सिंह, एसडीएम गोला युगांतर त्रिपाठी और यूपी पीसीएल के अभियंताओं के साथ साइट का निरीक्षण किया। इस दौरान एडीएम ने कॉरिडोर निर्माण के प्रत्येक कंपोनेंट की बारीकी से जांच की और निर्माण एजेंसी को कई कड़े निर्देश दिए।

निरीक्षण में सामने आया कि कॉरिडोर निर्माण की गति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। जिस पर एडीएम ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि यदि समय पर काम नहीं हुआ तो जिम्मेदारों पर कार्यवाही तय है। उन्होंने एजेंसी को साफ निर्देश दिए कि निर्माण में और मजदूर लगाए जाएं ताकि काम की रफ्तार तेज हो।
उन्होंने कहा कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना सरकार और आमजन दोनों के लिए बेहद अहम है। इसे हर हाल में समयबद्ध पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि काम की गुणवत्ता पर कोई समझौता नहीं होगा। इसके लिए थर्ड पार्टी से समय-समय पर जांच कराई जाए।
एडीएम ने कहा कि कॉरिडोर बनने से न सिर्फ श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी बल्कि पर्यटन को भी नया आयाम मिलेगा। इसलिए किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने मौके पर मौजूद अभियंताओं को निर्देशित किया कि सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह के सख्त तेवर से निर्माण एजेंसी के अफसर सकते में दिखे। उन्होंने तत्काल श्रमिकों की संख्या बढ़ाने का भरोसा दिलाया। वहीं उप निदेशक पर्यटन कल्याण सिंह ने कहा कि सरकार इस प्रोजेक्ट को लेकर बेहद गंभीर है और पूरा प्रयास किया जा रहा है कि इसे जल्द ही श्रद्धालुओं को समर्पित किया जा सके।