लखनऊ । रायबरेली रोड स्थित तेलीबाग गांधी नगर के नेशनल पब्लिक इंटर कॉलेज का वार्षिकोत्सव मंगलवार को रंगों और सुरों से सराबोर रहा। मंच पर जब नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपने हुनर का जादू बिखेरा तो तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा प्रांगण गूंज उठा।कार्यक्रम का शुभारंभ भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो राज शरन साही ने दीप प्रज्वलन कर किया। इसके बाद रंगारंग प्रस्तुतियों की ऐसी श्रृंखला शुरू हुई कि दर्शक एक पल को भी अपनी सीटों से हिले नहीं। एलकेजी की नन्ही छात्रा कृतिका अग्निहोत्री ने फिल्म थ्री इडियट्स के प्रसिद्ध गीत आल इज वेल पर जब थिरकना शुरू किया, तो सभागार तालियों की गूंज से भर उठा। उसी जोश में द्रशानी हन्नवाल, आद्या सिंह, शिवम शुक्ला, संभावी श्रीवास्तव और निया सिंह की मनमोहक प्रस्तुतियों ने माहौल को भावनाओं और ऊर्जा से भर दिया। छात्रों की हर प्रस्तुति में आत्मविश्वास और सृजनशीलता की झलक दिखाई दी। बच्चों की मासूम अदाओं और नृत्य के माध्यम से व्यक्त भावनाओं ने अभिभावकों की आंखें नम कर दीं।कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रबंधक अनुज सिंह ने मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया और कहा कि ये बच्चे हमारे भविष्य की नई रोशनी हैं, इनकी प्रतिभा पर हमें गर्व है।विद्यालय की प्राचार्या अर्चना सिंह और सह-प्राचार्य आशीष सिंह ने सभी बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर मंच पर इनकी प्रतिभा यूं ही चमकती रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *