निघासन के लालपुर सड़क पर बह रहा गंदा पानी लोगों को आने-जाने में हो रही काफी परेशानी।

निघासन खीरी के नगर पंचायत निघासन के वार्ड नंबर 12 इंद्रपुरी में लालपुर रोड पर नाली निर्माण न होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर लगातार गंदा पानी जमा होने से दुर्गंध फैल रही है और फिसलन के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।स्थानीय लोगों के अनुसार, घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर जमा हो जाता है, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से दिक्कत झेलनी पड़ रही है। लोगों को मजबूरी में इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है।।वार्ड नंबर 12 इंद्रपुरी के सभासद असलम खान ने बताया कि इस समस्या से नगर पंचायत कार्यालय को अवगत करा दिया गया है। नाली निर्माण के लिए कार्य योजना में प्रस्ताव भेजा जा चुका है। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्वीकृति मिलते ही नाली निर्माण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा, जिससे वार्डवासियों को राहत मिल सके।अन्य वार्डवासियों ने भी इस गंभीर समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए नगर पंचायत से शीघ्र नाली निर्माण की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते नालियों का निर्माण नहीं कराया गया, तो यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है। क्षेत्रवासियों ने जनहित को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की अपील की है।