मरीज के उपचार एवं सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहींः अमित कुमार घोष
बांदा। अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्री अमित कुमार घोष ने जनपद बांदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विसंडा पर कार्यरत वार्ड बॉय सुशील कुमार द्वारा शराब पीकर ड्यूटी करने तथा अधिकारियों के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए 10 अप्रैल 2026 को वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लिया है।
घोष के निर्देशों के अनुपालन में प्रभारी चिकित्साधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विसंडा द्वारा श्री सुशील कुमार के विरुद्ध स्पष्टीकरण मांगा गया, लेकिन उन्होंने कोई उत्तर नहीं दिया। इसके परिणामस्वरूप अपर मुख्य सचिव ने श्री सुशील कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी बांदा ने वार्ड बॉय को निलंबित कर दिया है तथा अनुशासनिक कार्यवाही आरंभ कर जांच हेतु समिति गठित कर दी गई है। अपर मुख्य सचिव अमित कुमार घोष ने कहा, अस्पताल परिसर में अवैध गतिविधियां जैसे शराब पीना या नशा करना पूरी तरह प्रतिबंधित और गैरकानूनी हैं। यह न केवल अस्पताल की शांति एवं व्यवस्था भंग करता है, बल्कि मरीजों के इलाज एवं सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करता है। किसी भी अस्पताल में ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में ऐसी कोई भी घटना संज्ञान में आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *