हमीरपुर। उत्तर प्रदेश द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर प्रदेश के सभी जनपदों में स्थित जन सेवा केन्द्रों के माध्यम से राज्यव्यापी योग जागरूकता एवं सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

इस अभियान में जनपद आजमगढ़ के चिन्हित वीएलई के साथ-साथ अन्य जन सेवा केन्द्र संचालकों की सक्रिय सहभागिता की जा रही है। कार्यक्रम का उद्देश्य योग को जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान करते हुए स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त समाज के निर्माण में जन सेवा केन्द्रों की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाना है।

सीएससी नेटवर्क के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को योग के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 7:00 बजे से माननीय प्रधानमंत्री जी के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जन सेवा केन्द्रों पर किया जाएगा, जिससे स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य अतिथि सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री जी के उद्बोधन एवं कार्यक्रम का अवलोकन कर सकेंगे।

इसके उपरांत भारत सरकार द्वारा निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुरूप सामूहिक योगाभ्यास आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, युवाओं, महिलाओं एवं नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

इस अवसर पर सभी जन सेवा केन्द्र संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिकाधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करें, कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा आयोजन की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी के साथ निर्धारित डिजिटल प्लेटफॉर्म पर समयबद्ध रिपोर्टिंग भी सुनिश्चित करें।

सीएससी उत्तर प्रदेश का व्यापक डिजिटल नेटवर्क प्रदेश के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकारी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता एवं जनकल्याणकारी अभियानों के प्रभावी क्रियान्वयन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 का यह राज्यव्यापी आयोजन भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी, जिसके माध्यम से योग को जन-जन तक पहुंचाने एवं स्वस्थ भारत की परिकल्पना को साकार करने में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

सीएससी उत्तर प्रदेश ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अपने निकटतम जन सेवा केन्द्र अथवा आयोजन स्थल पर पहुंचकर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में सहभागिता करें तथा नियमित योगाभ्यास को अपनी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाते हुए स्वस्थ एवं निरोग समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed