वाराणसी, 21 अगस्त । उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के दिग्गज नेता कल्याण सिंह की दूसरी पुण्यतिथि सोमवार को हिन्दू गौरव दिवस के रूप में मनाई जा रही है। यहां नई सड़क स्थित गीता मंदिर के गेट के समीप कोदई चौकी में भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री को उनकी पुण्यतिथि पर याद किया। उनके तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान अनूप जायसवाल ने कल्याण सिंह के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि राम मंदिर आंदोलन में उन्होंने मुख्यमंत्री पद को तिलांजलि देकर कारसेवकों की रक्षा करना अपना धर्म माना और अपना कर्तव्य निभाया। इसके कारण हम-सब अयोध्या में राममंदिर निर्माण को पूर्ण होता देख रहे हैं। कार्यक्रम में धर्मेन्द्र गुप्ता, ओमप्रकाश यादव बाबू, अनूप गुप्ता एडवोकेट, प्रदीप जायसवाल, मंगलेश जायसवाल, धीरेन्द्र शर्मा आदि शामिल रहे।