वाराणसी। अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर आकार ले रहा है। जनवरी 2024 में पांच सौ साल का इंतजार खत्म होगा और अयोध्या में रामलला अपने भव्य और दिव्य मंदिर में विराजमान होंगे। इसके साथ ही पूरे देश और प्रदेश में श्रीराम मंदिर को लेकर उत्साह बढ़ता ही जा रहा है। इसी कड़ी में वाराणसी से भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर मांग की गई है कि प्रदेश के हर जिले की प्रमुख सड़क का नामकरण भगवान श्रीराम के सम्मान में किया जाना चाहिए वाराणसी की प्रतिष्ठित स्वागतम काशी फाउंडेशन के अभिषेक शर्मा की ओर से मुख्यमत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे पत्र में ये सुझाव दिया गया है कि उत्तर प्रदेश के हर जिले के प्रमुख मार्ग को ‘रामपथ’ के नाम से सुशोभित करने से प्रदेश में भगवान श्रीराम को लेकर अतिरिक्त उत्साह का संचार होगा। साथ ही भगवान राम के प्रति प्रत्येक जनपद के लोगों की श्रद्धा की अभिव्यक्ति भी होगी। से बातचीत में अभिषेक ने बताया कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के उद्घाटन के साथ, अथवा उससे पूर्व पूरे प्रदेश के सभी 75 जिलों की प्रमुख सड़कों को भगवान श्रीराम के आदर्शों के प्रति समर्पित किया जाना चाहिए। भगवान श्रीराम का जीवन स्वयं में आदर्शों की यात्रा की गाथा है, ऐसे में हर जिले की एक सड़क का नामकरण उनके नाम पर होने से जनता, खासकर युवा पीढ़ी को आदर्श पथ का अनुकरण करने की प्रेरणा मिलेगी।