– पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
बांदा। अलग-अलग स्थानों पर एक युवती समेत चार लोगों ने अपने घर व खेत में तीन लोगों ने साड़ी से फांसी लगा ली, जबकि एक अन्य ने गमछे को मौत का सामान बना लिया। चारों लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। आत्महत्या के कारणों में फौरी तौर पर घरेलू विवाद उभरकर सामने आए हैं।
बिसंडा थाना क्षेत्र के पल्हरी गांव निवासी कमला (30) पत्नी राजेंद्र अपने तीन बच्चों के साथ शहर के बिजलीखेड़ा मुहल्ले में एक फौजी के मकान में किराए से रहती थी। उसका पति पंजाब में शराब ठेके में सेल्समैनी का काम करता है। मृतका के पुत्र योगेंद्र के मुताबिक दो माह से पिता घर नहीं आए। माता-पिता के बीच अक्सर फोन पर बातचीत होती रही। घटना वाले दिन भी पिता से फोन पर बात हुई। रात को जब बच्चे सो गए, तब मां कमला ने पंखे की हुक पर दुपट्टे से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सुबह बच्चों ने पड़ोसियों को जानकारी दी तब वह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। उधर मृतका के ससुराल प्रहलाद का कहना है कि राजेंद्र की उसके भाई से नही निभती थी। इस वजह से कमला अपने बच्चों के साथ शहर में रहती थी।
शहर के सुतरखाना मुहल्ला निवासी अजय यादव (23) पुत्र इंद्रपाल का शुक्रवार की दोपहर किसी बात को लेकर मां से विवाद हो गया। इसी से नाराज होकर अजय ने दूसरी मंजिल पर पंखे की हुक पर साड़ी से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। काफी देर बाद जब अजय कमरे से बाहर नहीं निकला तो मौके पर पहुंची पत्नी मंजू ने देखा तो शोर मचाया। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंच गए और फंदा काटकर उसे नीचे उतार लिया। उसे जिला अस्पताल लाए, वहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर घर चले गए। शनिवार को सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मृतक के चचेरे भाई राजकुमार ने बताया कि अजय रेलवे स्टेशन के बाहर चाय की दुकान किए था। घरेलू किसी बात को लेकर मां से विवाद हो गया। इसी के चलते उसने यह घटना अंजाम दी।
देहात कोतवाली क्षेत्र के लुकतरा गांव निवासी अर्जुन (23) पुत्र शिवप्रसाद ने शुक्रवार की दोपहर खेत में लगे नीम के पेड़ पर गमछे से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। शाम को खेत से लौट रहे ग्रामीणों ने शव फंदे पर लटकता हुआ देखा तो परिजनों को सूचना दी। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंच गए और शव को फंदे से नीचे उतार लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मृतक के चाचा कमलेश ने बताया कि अर्जुन दिल्ली में रहकर काम करता था। वह रक्षाबंधन के त्योहार में घर आया था। घटना वाले दिन सुबह से ही उसने शराब पी रखी थी। नशे में उसने यह घटना अंजाम दी है। किसी से कोई विवाद नहीं था।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मवई गांव निवासी कल्लू (24) पुत्र रामपाल ने शुक्रवार की रात कमरे के अंदर लकड़ी की बल्ली में साड़ी से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सुबह जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो मौके पर पहुंचे पिता ने आवाज लगाई। लेकिन कोई हरकत नहीं हुई। बाद में दीवार फांदकर अंदर पहुंचे परिजनों ने देखा तो उसका शव फंदे पर लटक रहा था। शव देखते ही परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के चचेरे भाई भैरम ने बताया कि कल्लू ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। उसकी पत्नी सविता अपनी बेटी के साथ अपने मायके मरझा गांव रक्षाबंधन का त्योहार मनाने चली गई थी। रात को उसने यह घटना अंजाम दी। फिलहाल घटना का कारण अज्ञात है।