वाराणसी। वरुणा पार क्षेत्र में चार बिजली उपकेंद्र बनाए जाएंगे। इससे कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी। इस पर करीब 12 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। स्कीम से लगभग तीन लाख आबादी को लाभ पहुंचेगा बिजली निगम वरुणा पार को नो पावर कट जोन बनाने की तैयारी में है। इस क्षेत्र में ज्यादातर सरकारी कार्यालय, प्रमुख प्रतिष्ठान व अधिकारियों के आवास हैं। शहर की बड़ी आबादी क्षेत्र में निवास करती है। यहां २१ उपकेंद्रों से बिजली आपूर्ति की जाती है। सभी उपकेंद्र पहले से स्थापित हैं। इससे बिजली की मांग बढ़ी है। इसे देखते हुए निगम ने चार नए उपकेंद्र बनाने का फैसला लिया है नए उपकेंद्र बनाने के लिए तरना, आशापुर, सलारपुर और पांडेयपुर में जमीन तलाशी जा रही है। दरअसल, वरुणा पार क्षेत्र के 21 उपकेंद्रों पर क्षमता से अधिक बिजली आपूर्ति का दबाव है। इससे कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। नए उपकेंद्र बनने के बाद उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ जाएगी। अधीक्षण अभियंता अनिल वर्मा ने बताया कि चार नए उपकेंद्रों के लिए सितंबर तक जमीन चिह्नित कर ली जाएगी। जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद निर्माण कराया जाएगा।