सीडीओ ने किया आवर्तनशील कृषि के कार्यों का निरीक्षण
बंादा। बुधवार को ग्राम पंचायत बड़ोखर खुर्द में प्रेम सिंह प्रगतिशील कृषक के फार्म पर आवर्तनशील कृषि के कार्यों का निरीक्षण एवं भ्रमण मुख्य विकास अधिकारी वेद प्रकाश मौर्य द्वारा किया गया। निरीक्षण के समय विजय कुमार उपनिदेशक कृषि तथा श्री प्रेम सिंह प्रगतिशील कृषक उपस्थित रहे। प्रेम सिंह प्रगतिशील कृषक के फार्म पर प्राकृतिक खेती, बागवानी, और पशुपालन के कार्यों को समेकित रूप से किया जा रहा है ।इस फार्म हाउस पर क्षेत्र के कृषकों को आवर्तन शील कृषि को अपनाने के लिए प्रशिक्षण भी दिया जाता है तथा प्रशिक्षण के लिए इनके पास रुकने के लिए हास्टल की भी व्यवस्था है। फार्म पर गाय पालन, भैंस पालन, बकरी पालन ,मछली पालन ,बागवानी, किचन गार्डन , सब्जी की खेती ,जैविक उर्वरक और कीटनाशक रसायन आदि का कार्य देखने का अवसर मिला। इस फार्म पर पूर्व में विभिन्न देशों से आए कृषकों को भी प्रशिक्षण दिया जाता है। अब तक 29 देशों के कृषकों को इस फार्म पर प्रशिक्षण दिया जा चुका है । इनके मोटिवेशन एवं विकास विभाग के मोटिवेशन से ग्राम पंचायत बड़ोखर खुर्द के एक तिहाई कृषकों द्वारा बागवानी का कार्य सफलतापूर्वक किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा भी आवर्तन शील कृषि पद्धति को अपनाकर वित्तीय निवेश किया जा रहा है ।इनके द्वारा गुणवत्ता पूर्ण श्री अन्न का उत्पादन तथा श्री अन्न से बने हुए तैयार उत्पादों की बिक्री का कार्य भी किया जाता है। बिक्री में मुख्य रूप से कठिया गेहूं का आटा, बाजरे का आटा, श्रीअन्न के लड्डू, सरसों का तेल, दलिया आदि की बिक्री भी की जाती है।
यूनेस्को द्वारा अपनाए गए सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल के लक्ष्यों के प्रति उनके संस्थान द्वारा सराहनीय एवं प्रशंसनीय कार्य किया जा रहा है। कृषकों की आय बढ़ाने के लिए कृषकों में रसायनिक खाद के प्रयोग को कम करना, जल संरक्षण करना, पर्यावरण को बचाना, कीटनाशकों का कम से कम उपयोग करना भी सिखाया जाता है । इसके अतिरिक्त गैर परंपरागत ऊर्जा स्रोतों का विकास, सौर ऊर्जा, बायोगैस आदि के विकास पर व्यवहारिक प्रशिक्षण देकर कृषकों को अधिक आय अर्जित करने का कार्य किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *