वाराणसी। रामनगर थाना क्षेत्र के भीटी के पास स्थित पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपत्ति को अपने चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पत्नी को लालबहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बना हुआ है। हादसे के बाद स्थानीय लोगो ने ट्रक छोड़कर भाग रहे ड्राइवर को पकड़ लिया। सूचना पर मौके पर पहुंची रामनगर थाना क्षेत्र की पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। वही हादसे की सूचना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार चंदौली जनपद के रहने वाले मोहन यादव (60 वर्षीय) अपनी पत्नी प्रेमा देवी के साथ किसी काम से वाराणसी की तरफ जा रहे थे, इसी दौरान भीटी पेट्रोल पंप के समीप पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने धक्का मार दिया। धक्का लगने से बाइक पर पीछे बैठी प्रेमा देवी सड़क किनारे गिर पड़ी, तो वही बाइक चालक मोहन यादव ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई।
रामनगर थाना क्षेत्र की पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दिया है। वही ट्रक को कब्जे में लेकर चालक पर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस के अनुसार मृतक मोहन यादव पेशे से किसान थे और अपने किसी काम से पत्नी के साथ वाराणसी जा रहे थे।