क्रासरःअवर अभियंता को दिए इस्टीमेट उपलब्ध कराने के निर्देश
बांदा। सदर विधायक ने स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे नव निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल यूनिट-13 के अवर अभियंता को शीघ्र ही शासन को इस्टीमेट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ कराए जाएं।
सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने जिला खेल कार्यालय स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे नए निर्माण एवं मरम्मत के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान खेल मैदान का नव निर्माण, जिसमें मिट्टी की भरवाई, घास की रोपिंग, मैदान की सिंचाई, वाटर सप्लाई, इस्प्रिकल सहित चारों तरफ जाली, जीआई पाइप लगवाने व नाली का निर्माण कार्य विशेषज्ञ को बुलवाकर करवाने के लिए कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के अवर अभियंता को निर्देश दिए। इसी प्रकार से उन्होंने इंडोर वालीबाल हाल में टिन शेड, फाल सीलिंग, खिड़की दरवाजे, वायरिंग लाइट, सिन्थेटक्स पाथवे के निर्माण, लॉंग टेनिस एवं बास्केटबाल कोर्ट के नव निर्माण, कबड्डी एवं कुश्ती हाल के नव निर्माण, जिम हाल का जीर्णाेद्धार, बाउंड्रीवाल का निर्माण, पूर्व में बनी हुई पवेलियन का जीर्णाेद्धार, क्रिकेट ग्राउंड में तीन क्रिकेट की नई पिच बनाने, गेस्ट रूम के नव निर्माण, ओपेन जिम का निर्माण स्टेडियम ग्राउंड में हाई मास्क लाइट, स्ट्रीट लाइट, सौर ऊर्जा लाइट आदि लगवाने के कार्य का निरीक्षण करते हुए संस्था के अवर अभियंता को निर्देशित किया। विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ ने बताया कि सदर विधायक के निरीक्षण के दौरान स्पोर्ट्स स्टेडियम में डिप्टी कलेक्टर/जिला क्रीड़ाधिकारी इरफान उल्ला खां, उप क्रीड़ाधिकारी शैलेंद्र कुशवाहा, अवर अभियंता यूपीपीसीएल यूनिट-13 मनीष वर्मा, जिला क्रिकेट संघ अध्यक्ष चंद्रमौलि भारद्वाज, पुष्कर द्विवेदी, धनंजय करवरिया समेत तमाम लोग उपस्थित रहे।