वाराणसी| शैक्षणिक सत्र 2023-24 के लिए विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए बीएचयू की दूसरी मेरिट लिस्ट 11 अगस्त को जारी की जाएगी। बुधवार को विश्वविद्यालय के केन्द्रीय प्रवेश समिति के अध्यक्ष प्रो. राकेश रमन ने बताया कि सैकड़ों की संख्या में ऐसे अभ्यर्थी हैं जिनके प्रवेश फार्म में कई त्रुटियां पायी गयी है। इन त्रुटियों में सही नामांकन संख्या न होना, ई—मेल में गड़बड़ी तथा नाम व अन्य जानकारी का एनटीए द्वारा प्राप्त डाटा से मेल न खाना मुख्य रूप से शामिल है

प्रो. राकेश रमन ने बताया कि फार्म में त्रुटियां और एनटीए के आंकड़ों से मेल न खाने के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मेरिट में आने के पश्चात् भी फीस जमा नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय प्रवेश समिति की कोशिश है कि मेरिट में आ गये अभ्यर्थियों को छोटी-मोटी गलतियों के कारण प्रवेश से वंचित न रहना पड़े और इसके लिए बीएचयू की टीम फार्म्स में पायी गयी गलतियों को सुधारकर अभ्यर्थियों के हित में कार्य कर रही है। इसी कारण से अगली प्रवेश सूची निकलने में समय लग रहा है

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए अब तक तकरीबन 4300 सीटों के लिए फीस जमा हो चुकी है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार विधि संकाय में 82 प्रतिशत, कला व सामाजिक विज्ञान संकाय में तकरीबन 57 प्रतिशत, वाणिज्य संकाय में लगभग 50 प्रतिशत तथा संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय में 71 प्रतिशत सीटों के लिए फीस जमा की जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *