क्रासरःएसडीएम ने जांच कर कार्यवाही का दिलाया भरोसा
नरैनी/बांदा। जंगलों में हरे पेड़ों की कटान और बालू का अवैध खनन की शिकायत से नाराज वन विभाग के डिप्टी रेंजर ने मुकदमा दर्ज करा दिया है । रास्ते में रोककर उसके बच्चों के साथ मारपीट और लूट करने का आरोप लगाते हुए संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत की है । उपजिलाधिकारी ने मामले की जांच कराकर दोषी के विरुद्ध कार्यवाही कराने की बात कही है
कुलसारी गांव के मजरा बलदेव पुरवा निवासी राममोहन पुत्र सुंदरलाल ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में दिए शिकायती पत्र में बताया है कि डिप्टी रेंजर धर्म नारायण द्विवेदी द्वारा कुलसारी और लामा खुटला के जंगलों में हरे पेड़ों का अवैध कटान व बालू का अवैध खनन कराने की शिकायत 8 दिसंबर को मुख्यमंत्री के हेल्पलाइन पोर्टल और वन विभाग के उच्चाधिकारियों से मौखिक की थी इससे नाराज होकर वन दरोगा ने उसके खिलाफ आई टी एक्ट और रंगदारी का मुकदमा फतेहगंज थाने में करा दिया है । आरोप लगाया है कि 15 दिसंबर की दोपहर में वह अपनी बीमार बेटी की दवा करने बघेलावारी जा रहा था रास्ते में कुलसारी गांव के पहाड़ के नीचे वन दरोगा अपने अज्ञात पांच असलहा धारी और कपड़ों से चेहरा ढके साथियों के साथ मिले और उसकी मोटरसाइकिल को धक्का देकर गिरा दिया जिससे उसकी बीमार पत्नी व बेटी जमीन में गिर गए । मारपीट करने और पत्नी का मंगलसूत्र छीनने का आरोप लगाया है । उपजिलाधिकारी विकास यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही कराने की बात कही है । वहीं दूसरी ओर वन दरोगा धर्मनारायण द्विवेदी ने बताया है कि राममोहन ने उनके खिलाफ फेसबुक में अशोभनीय टिप्पणी कर उन्हे अपमानित करने का कुत्सित प्रयास किया था जिसके बाद उच्चाधिकारियों से बात कर मामला दर्ज कराया गया है । बताया कि जंगल क्षेत्र में हो रहे बालू के अवैध खनन का आरोप उनके ऊपर लगाकर रंगदारी मांग रहा था । यह भी बताया कि क्षेत्र के कुछ बालू चोर वन क्षेत्र के नदी नालों में बालू का अवैध खनन कर रहे हैं जिन्हे पकड़ने के लिए कई बार विभाग के अधिकारियों द्वारा छापेमार कार्यवाही की गई है लेकिन कोई हाथ नहीं लग पाया है । खुद के ऊपर लगाए गए आरोपों को मनगढ़ंत व झूठा बताया है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *