होटलों और रेस्टोरेंट में रही भीड़, नए वर्ष का जोरदार तरीके से किया स्वागत
अपने-अपने तरीके से लोगों ने किया सेलीब्रेसन, पुलिस करती रही निगरानी
बांदा। सोमवार को युवा हो चाहे बुजुर्ग और बच्चे, सभी में नए वर्ष के आगत का जुनून देखने को मिला। नए वर्ष के स्वागत को आतुर लोगों ने पहले से ही तैयारी कर ली थी। रविवार रात को 12 बजते ही फिजा में हैप्पी न्यू ईयर का तराना गुंजायमान हो उठा। लोगों ने वर्ष 2023 को अलविदा कहा और नए वर्ष का अपने-अपने तरीके से स्वागत किया। इधर, पुलिस भी लगातार निगेहबानी करती नजर आई।
सोमवार को बच्चे, बूढ़े और जवान नए साल की अगुवानी के लिए पूरे जोश में दिखाई दिए। शहर के बाजार युवक, युवतियों की भीड़ से गुलजार रहे। गिफ्ट सेंटरों और उपहार केंद्रों में युवक, युवतियों का खासा हुजूम उमड़ा रहा। गिफ्ट कार्नरों के संचालक भी युवाओं की पसंद के हिसाब से उपहार और कार्ड सजाकर तैयार हैं और युवाओं को लुभाने का कोई भी मौका छोड़ना नहीं चाहते। युवाओें ने नए साल की शुभकामनाएं दीं। नए साल की अगुवानी के लिए लोगों ने घरों और रेस्टोरेंटों में केक काटकर जश्न मनाया और डीजे की धुन पर खूब थिरके। कुहासे भरी ठंड के बीच लोगों में खूब उत्साह नजर आया। इधर, नए साल के जश्न और शराब के पुराने नाते को देखते हुए पुलिस ने भी अपनी ओर से खास इंतजाम किए हैं। बीती रात को 12 बजते ही फिजा में हैप्पी न्यू ईयर का तराना गुंजायमान हो उठा। लोगों ने एक-दूसरे को न्यू ईयर की शुभकामनाएं दीं। सभी लोगों ने यह कामना की कि बीते वर्ष की तमाम मुश्किलें और समस्याएं नए वर्ष में ईश्वर दूर करे। रविवार की रात पुलिस ने प्रमुख चौराहों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया और जश्न मना रहे लोगों की निगेहबानी की।