तेजी के साथ किया जा रहा नशे का कारोबार, पुलिस बेपरवाह
क्रासरःकिराना और मिठाई की दुकानों से की जा रही तस्करी
बांदा। शहर के संकट मोचन के इर्द-गिर्द स्थित दुकानों से गांजा की पुड़िया जमकर बेची जा रही है। इस गांजा तस्करी की जानकारी मुकामी पुलिस को है, लेकिन उनकी जेबें गर्म होने की वजह से उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। मसलन युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में जा रही है। 20 रुपए की गांजा की पुड़िया बड़ी ही आसानी के साथ नशेड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही है।
संकट मोचन मंदिर के इर्द-गिर्द खुली तमाम किराना, मिठाई और नाश्ता आदि की दुकानों में नशे का कारोबार बेधड़क किया जा रहा है। डीएम कार्यालय की ओर जाने वाले मार्ग के समीप स्थित दुकानों में भी गांजा की पुड़िया मौजूद रहती है। खरीददार मौके पर पहुंचता है और इशारों ही इशारों में उसे गांजा की पुड़िया थमा दी जाती है। इस इलाके में गांजा तस्करी का सिलसिला बहुत पुराना है। खाकी वर्दीधारियों को पता भी है, लेकिन वह कभी इस ओर ध्यान नहीं देते हैं। गांजा तस्करों ने बताया कि जिन दुकानों से गांजा की तस्करी होती है, उन दुकानदारों के द्वारा खाकी को माहवारी दी जाती है। इसलिए वह पुलिस की कतई परवाह नहीं करते हैं। मालुम हो कि दुकानदार गांजा खरीदने के बाद कागज की पुड़िया बनाते हैं और दुकानों में उसे सुरक्षित रखते हैं। सुबह से लेकर शाम तक और आधी रात तक गांजा की बिक्री की जाती है। अगर पुलिस छापामार कार्रवाई करे तो निश्चित तौर पर तस्करी का भंडाफोड़ किया जा सकता है।