– बिना ओटीपी के अवैध तरीके से चलाई जा रही सिंधनकला खदान
– केल्विन कंडक्शन झांसी के द्वारा ओटीपी के बिना किया जा रहा अवैध खनन
बांदा। जनपद में अवैध खनन थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। जबसे खनन महकमे में नये साहब की तैनाती हुई है तब से खनन माफिया और बेलगाम हो चुके है। इसकी बानकी उस समय देखने को मिली जब पैलानी तहसील के अन्तर्गत स्थित संधनकला खदान में बिना ओटीपी के झांसी की एक कंपनी द्वारा अवैध खनन कार्य धड़ल्ले से किया जा रहा है। इतना ही नहीं अवैध खनन के बाद रोजाना रात के अंधरे से लेकर भोरकाल तक व मौका लगने पर दिन के उजाले में भी सैकड़ों ओवरलोड ट्रकों में भरकर अवैध बालू का कारेाबार किया जा रहा है।
उपजिलाधिकारी पैलानी को दिये शिकायती पत्र में ग्राम सिंधनकला के रहने वाले सत्यम कुमार तिवारी पुत्र अरविन्द तिवारी ने बताया कि ग्राम सिधनकला स्थित बाबू खदान का पट्टा केल्विन कन्ट्रक्शन झांसी के नाम है। लेकिन बिना ओटीपी जनरेट के पोकलैण्ड मशीनों द्वारा अवैध तरीके से खनन कार्य किया जा रहा है। इतना ही नहीं खदान में दबंगई के बल पर नदी की जलधारा में प्रतिबंधित मशीनों से रोजाना सैकड़ों ट्रक बालू का अवैध खनन हो रहा है। इस अवैध खनन से प्राप्त बालू को पहले तो सैकड़ों ट्रकों में ओवरलोड करके रवाना कर दिया जाता है। इसके बाद उसी बालू को अवैध तरीके से भण्डारण भी किया जा रहा है। उन्होंने एसडीएम से मांग की है कि अवैध खनन के द्वारा रेाजाना लाखों के राजस्व को चूना लगाने से रोका जाये। वहीं एसडीएस ने शिकायती पत्र पर कार्यवाही करते हुए तहसीलदार से जांच कर आख्या मांगी है। वहीं इस संबंध में जब खनिज अधिकारी राज रंजन से बात की गई तो उन्होने कहा कि सिंधनकाल खदान की एनओसी आ गई है। लेकिन खदान की ओटीपी अभी नहीं चालू है। यदि जांच में अवैध खनन पाया गया तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी।