– खुशी का माहौल पल में मातम में बदल गया
जसपुरा/बांदा। चाचा की बारात की निकासी के बीच एक किशोरी ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह हृदयविदारक घटना जसपुरा थाना क्षेत्र के अमारा कुटी डेरा गांव की है। जब घरवाले लौटे तो नजारा देख चीख-पुकार मच गई। परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। मृतका काजल (15) पुत्री उमेश निषाद, गांव के कुटी डेरा में बने मकान के ऊपरी कमरे में रविवार शाम फांसी के फंदे पर झूलती मिली। परिवारजन चाचा धर्मेंद्र की बारात की निकासी में शामिल थे। काजल अकेली घर पर थी। इस बीच उसने घर के ऊपर बने कमरे में पाईप में बांध कर रस्सी से फांसी लगा ली। पिता उमेश निषाद ने बताया कि जब छोटा बेटा हर्ष घर पहुंचा तो दरवाजा बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उसने पिता उमेश को सूचना दी। घर आकर जब उन्होंने दरवाजा तोड़ा, तो बेटी का शव फंदे से लटकता मिला।
सूचना पर थाना प्रभारी अनुपमा तिवारी पुलिस बल व फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। टीम ने साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजन रोते-बिलखते बताते हैं कि काजल इस साल डॉक्टर भीमराव अंबेडकर स्कूल, अमारा से कक्षा 9 पास कर चुकी थी। वह दो भाइयों की इकलौती बहन थी। पिता उमेश गांव में मोटरसाइकिल पंचर की दुकान चलाते हैं और उसी से परिवार का गुजारा होता है। आत्महत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।