जसपुरा/बांदा। सोमवार दोपहर पैलानी थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक बड़ा हादसा हो गया। सड़क पर अचानक भैंस आ जाने से एक सीएनजी ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों और चालक की मदद से उसे सीएचसी जसपुरा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल बांदा रेफर कर दिया गया। घटना जसपुरा क्षेत्र के पैलानी डेरा के पास की है। जानकारी के अनुसार, सुमन (33) पत्नी तेजनारायन विश्वकर्मा, निवासी रामपुर थाना जसपुरा, सोमवार को पैलानी डेरा से सीएनजी ऑटो में सवार होकर अपने गांव लौट रही थीं। रास्ते में अचानक भैंस के सामने आ जाने से ऑटो की टक्कर हो गई और वह पलट गया। हादसे में सुमन ऑटो के नीचे दब गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। ऑटो चालक अतुल व मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायल महिला को तुरंत सीएचसी जसपुरा पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बांदा रेफर कर दिया।