– नाबालिग से दुष्कर्म की घटना को दिया था अंजाम
बांदा। जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण लगाये जाने तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक बांदा शिवराज व क्षेत्राधिकारी नगर राजीव प्रताप सिंह के निकट पर्यवेक्षण में आज थाना कोतवाली नगर व एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा नाबालिग से दुष्कर्म के 02 अभियुक्तों को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया । गौरतलब हो कि थाना कोतवाली नगर क्षेत्र अन्तर्गत एक गांव के रहने वाले एक व्यक्ति ने 2 अगस्त 25 की देर रात्रि को थाना कोतवाली नगर पर सूचना दी कि उनकी 15 वर्षीय पुत्री दोपहर में कोचिंग पढ़ने गई थी शाम को कोचिंग से घर सीएनजी ऑटो में लौट रही थी । घर लौटते समय ऑटो चालक तथा उसमें बैठे एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि वे भी उसी तरफ जा रहे हैं । दोनों अभियुक्त ऑटो को सूनसान स्थान पर ले जाकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिए । सूचना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना कोतवाली नगर पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था । पुलिस अधीक्षक बांदा द्वारा अभियुक्तों की तत्काल गिरफ्तारी हेतु कई टीमों का गठन किया गया था । सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस, रिक्शा वेरिफिकेशन ड्राइव व मिनिट टू मिनिट ट्रैकिंग से रुट, व सीएनजी ऑटो की पहचान कर घटना का सफल अनावरण करते हुए चालक व अन्य साथी की जानकारी हुई । जानकारी पर पुलिस टीम द्वारा अभियुक्तों को करिया नाला के पास से गिरफ्तार करने का प्रयास किया गया तो अभियुक्तों द्वारा पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर करना शुरू कर दिया गया । पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्यवाही में दोनों अभियुक्तों के पैर में गोली लगी है । दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है । घायल अभियुक्तों को इलाज हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत स्थिर है । अभियुक्तों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त सीएनजी ऑटो बरामद हुआ है । प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है । गिरफ्तार अभियुक्तों में कल्लू उर्फ मनोज यादव पुत्र भवानीदीन निवासी मवई थाना कोतवाली नगर जनपद बांदा व अनिल वर्मा पुत्र जयकरन निवासी थाना बबेरु जनपद बांदा हैं।