अतर्रा/बांदा। नगर पालिका क्षेत्र के बांदा रोड स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे इंटरलाकिंग कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए हैं। रेडक्रास सोसाइटी सदस्य एवं अतर्रा महाविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अर्जुन मिश्र ने सांसद बांदा-चित्रकूट कृष्णा पटेल को पत्र भेजकर ठेकेदार पर मानकविहीन कार्य करने और सरकारी धन की बर्बादी का आरोप लगाया है। पत्र के जरिए बताया कि करीब 3 करोड़ की लागत से यह कार्य शिव कंस्ट्रक्शन कंपनी गोरखपुर को दिया गया है, जिसमें ठेकेदार द्वारा लगभग 20 लाख की मिट्टी बेच दी गई। आरोप है कि खुदाई के दौरान लापरवाही से कई जगह पाइपलाइनें टूट गईं, जिससे प्रतिदिन हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। मिट्टी की जगह बिना रोलर व कंपैक्टर चलाए सीधे गिट्टी डाल दी गई।उन्होंने कहा कि कार्य में घटिया गुणवत्ता की ईंटों का उपयोग किया जा रहा है, जो जल्द टूट सकती हैं। जगह-जगह पर केवल खाना-पूर्ति कर कार्य निपटाया जा रहा है। उन्होंने सांसद को पत्र देकर आरोप लगाते हुए जांच कर कार्य तत्काल रोकने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।