बांदा। सोमवार को “स्वच्छता ही सेवा-2025” (मिशन शक्ति) अभियान के अंतर्गत नगर की महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद बांदा द्वारा संकट मोचन हनुमान मंदिर के सामने महिला पुलिस चौकी (पिंक बूथ) का निर्माण कराया गया। सोमवार को इस पिंक बूथ का विधिवत उद्घाटन मंडलायुक्त चित्रकूटधाम मंडल बांदा अजीत कुमार एवं जिलाधिकारी श्रीमती जे. रीभा द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।
उद्घाटन समारोह में नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी श्रीचंद, स्वच्छ भारत मिशन-नगरीय के जिला कार्यक्रम प्रबंधक अभिषेक खरे, स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एम्बेसडर शोभाराम कश्यप, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक देवेंद्र कुमार, राजस्व निरीक्षक रामजस सिंह सहित पुलिस विभाग और नगर पालिका परिषद बांदा के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी ने नगर पालिका द्वारा कराए गए इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि पिंक बूथ महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाएगा और मिशन शक्ति अभियान को गति प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं को न केवल सुरक्षा का भरोसा देगी बल्कि शहर में स्वच्छता और जागरूकता के संदेश को भी मजबूत करेगी। अधिशासी अधिकारी श्रीचंद जी ने बताया कि नगर पालिका परिषद द्वारा यह पिंक बूथ “स्वच्छता ही सेवा-2025” के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए तैयार कराया गया है। उन्होंने कहा कि इस बूथ पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी ताकि किसी भी समय महिलाओं को त्वरित सहायता मिल सके। स्वच्छ भारत मिशन-नगरीय के जिला कार्यक्रम प्रबंधक अभिषेक खरे ने बताया कि मिशन शक्ति के तहत महिला सुरक्षा और स्वच्छता को जोड़कर नगर में कई योजनाएं लागू की जा रही हैं। ब्रांड एम्बेसडर शोभाराम कश्यप ने कहा कि यह बूथ न केवल महिलाओं की सुरक्षा का प्रतीक बनेगा बल्कि समाज में महिला सम्मान के संदेश को भी आगे बढ़ाएगा। पिंक बूथ के उद्घाटन के साथ ही नगर में महिला सुरक्षा और स्वच्छता के नए अध्याय की शुरुआत हुई है। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए नगर पालिका परिषद के प्रति आभार व्यक्त किया।