चिल्ला/बांदा। थाना क्षेत्र के चिल्ला कस्बे में रविवार को एक 45 वर्षीय युवक ने कमरे के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।घटना से परिवार में कोहराम मच गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ जांच-पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चिल्ला कस्बा निवासी धरमपाल (45) पुत्र मोतीलाल एक माह पूर्व सूरत से घर आया था।वह वहां मजदूरी करता था और इन दिनों गांव में रहकर खेती-किसानी में परिवार का हाथ बंटा रहा था।परिजनों के अनुसार वह आर्थिक तंगी और घरेलू कलह के चलते मानसिक तनाव में रहता था।कभी-कभी शराब पीने के कारण पत्नी राधा से उसका विवाद भी हो जाता था।रविवार को धरमपाल ने कमरे के अंदर साड़ी का फंदा बनाकर पंखे के हुक से लटककर जान दे दी।काफी देर तक बाहर न निकलने पर परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो वह फंदे पर लटका मिला। यह देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई।मृतक अपने पीछे पत्नी राधा और तीन पुत्र राहुल, साहिल व रोहित को छोड़ गया है। घटना के बाद पत्नी राधा और मां पार्वती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर की चिल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अर्पित पांडे ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कराया। इसके बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।थाना प्रभारी अर्पित पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।