– नेशनल ताइक्वांडो चौंपियनशिप में लगातार चार फाइट जीतकर झटका गोल्ड
– अब कोरिया में एशियन चौंपियनशिप में दिखाएंगे दम
बांदा। बुंदेलखंड की धरती ने एक बार फिर खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। बांदा के होनहार ताइक्वांडो खिलाड़ी मास्टर सक्षम ठाकुर ने गुजरात के आनंद में आयोजित राष्ट्रीय ताइक्वांडो चौंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर जिले का नाम रोशन किया है। राष्ट्रीय स्तर की इस कठिन प्रतियोगिता में सक्षम ने एक के बाद एक लगातार चार मुकाबले जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनकी इस उपलब्धि के साथ ही अब उन्होंने एशियन ताइक्वांडो चौंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है, जिसका आयोजन नवंबर में कोरिया में प्रस्तावित है।
सक्षम ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता तक का सफर भी शानदार प्रदर्शन के साथ तय किया। पिछले दिनों कानपुर में इंडियन ताइक्वांडो द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय ताइक्वांडो चौंपियनशिप में उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह बनाई थी। इसके बाद गुजरात के आनंद में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए सक्षम ने चार मुकाबलों में लगातार जीत दर्ज की और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
राष्ट्रीय स्तर पर लगातार चार फाइट जीतना सक्षम की कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास, खेल के प्रति अनुशासन और आत्मविश्वास को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार ही नहीं बल्कि बांदा के खेल जगत और उनके विद्यालय में भी खुशी का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *