लखीमपुर खीरी में मंगलवार सुबह फन मॉल के पीछे पटेल नगर स्थित मैदान में एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीओ सिटी विवेक तिवारी और शहर कोतवाल राजेश सिंह सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की।मृतक की पहचान पलिया कस्बे के बेहनन पुरवा निवासी अहमद जान उर्फ आशु पुत्र अफजल के रूप में हुई है। मृतक के भाई शिबू ने मौके पर पहुंचकर बताया कि अहमद जान सोमवार को ही पलिया से लखीमपुर आए थे। हालांकि, वह किसके साथ आए थे और कहां ठहरे थे, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मृतक के परिजनों व परिचितों से पूछताछ कर रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही युवक की मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *