निघासन में बाघ ने घर में घुसकर पालतू कुत्ते को बनाया निशाना।खेत में मिले पंजों के निशान,
निघासन खीरी जिले के दक्षिण निघासन वन रेंज क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। गोविंदपुर फार्म में बीती रात एक बाघ घर में घुस आया और उसने एक पालतू कुत्ते को अपना शिकार बना लिया।

बाघ कुत्ते को अपने जबड़े में दबोचकर पास के गन्ने के खेत में खींच ले गया, जहां उसने उसे अपना निवाला बनाया। सुबह घटनास्थल के पास खेत में बाघ के पंजों के स्पष्ट निशान भी मिले, जिससे घटना की पुष्टि हुई।
गोविंदपुर फार्म निवासी रमनदीप सिंह ने बताया कि रात में जब वह परिवार सहित सो रहे थे, तभी कुत्ते के जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज आई। उन्होंने देखा कि बाघ घर के अंदर घुसकर कुत्ते को खेत की ओर ले जा रहा था। शोर मचाने पर बाघ गन्ने के खेत में ओझल हो गया।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।