निघासन सिंगाही मार्ग पर बड़ा हादसा टलाः गन्ने से भरा ट्रक खाई में पलटा,
निघासन खीरी – निघासन सिंगाही मार्ग पर शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। धारीवाल क्रेशर के पास गन्ने से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। इस दुर्घटना में ट्रक चालक सुरक्षित बच गया।
जानकारी के अनुसार, यह ट्रक छीटन पुरवा स्थित गन्ना सेंटर से गन्ना लादकर सरजू सहकारी चीनी मिल बेलराया जा रहा था। धारीवाल क्रेशर के पास मोड़ पर पहुंचते ही ट्रक का कनेक्टिंग रॉड टूट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतनी तेजी से हुआ कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ नहीं पाए। ट्रक के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए। चालक को पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है।
