सहकारी संघ बंद पड़ा, किसान खाद के लिए भटक रहेःडीएम से आपूर्ति की मांग।

निघासन खीरी के निघासन ब्लॉक स्थित सिंगहा खुर्द गांव में लाखों की लागत से बना सहकारी संघ सिंगाही लिमिटेड का भवन बंद पड़ा है। किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निर्मित यह भवन अब बेकार साबित हो रहा है, जिससे किसान खाद के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
सहकारी संघ के सचिव और अध्यक्ष के कार्यालयों सहित खाद के लिए बने दोनों गोदामों में ताले लटके हुए हैं। यह स्थिति तब है जब किसानों को खाद की सख्त आवश्यकता है।
गांव के किसान रिंकू जायसवाल, कुंजी लाल और श्याम मोहन दीक्षित ने बताया कि सहकारी संघ का यह भवन तीन साल पहले बना था, लेकिन तब से इसके कार्यालय और गोदाम बंद पड़े हैं।
किसानों को यहां खाद नहीं मिल रही है, जिसके कारण वे निजी दुकानों और अन्य गांवों की सहकारी समितियों के चक्कर लगा रहे हैं। किसानों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि उनके गांव में बने सहकारी संघ पर जल्द से जल्द खाद उपलब्ध कराई जाए।इस संबंध में सहकारी संघ के सचिव करुणा शंकर से बात करने पर उन्होंने बताया कि सहकारी संघ लिमिटेड के भवन का निर्माण वर्ष 2021-22 में किया गया था।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि किसानों को खाद उपलब्ध कराने के लिए पिछले पांच-छह महीनों से मांग भेजी गई है। हालांकि, खाद का आवंटन पहले समितियों को किया जाता है, इसलिए संघ को अभी तक खाद नहीं मिल पाई है।