दहेज हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल।भागने के दौरान पैर में लगी गोली, गिरफ्तार; तमंचा व बाइक बरामद।

लखीमपुर खीरी में दहेज हत्या के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला पढुआ थाना क्षेत्र का है।पुलिस के अनुसार, 5 जून को थाना पढुआ क्षेत्र के सिमरा बाजार निवासी विवाहिता शहनाज (23) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस मामले में मृतका के पति रॉबिन अली समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से मुख्य आरोपी रॉबिन अली फरार चल रहा था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी।शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ढखेरवा खालसा क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर थाना पढुआ पुलिस टीम ने ढखेरवा खालसा तिराहा स्थित गन्ना सेंटर के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया।पुलिस का कहना है कि घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर अवैध तमंचे से फायरिंग कर दी और मौके से भागने की कोशिश की। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद आरोपी ने फायरिंग जारी रखी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया।घायल आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल (UP31 CC 9245) बरामद की है।इस मामले में पुलिस ने आर्म्स एक्ट और पुलिस पर हमले की धाराओं में एक अतिरिक्त मुकदमा भी दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, दहेज हत्या के मुख्य मामले में पहले से दर्ज मुकदमे की विवेचना जारी है और अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में अभियान लगातार जारी है।