वाराणसी। दशाश्वमेध घाट की विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती देखकर लौट रहे Y-20 मेहमानों की बस पर मड़ुआडीह में पत्थर लगा। इससे खिड़की का शीशा टूट गया और विदेशी मेहमान की आंख के पास जाकर लगा। इससे मेहमान घायल हो गया। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों में खलबली मच गई। घायल को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही पुलिस सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगालने में जुट गई।

Y-20 समिट के समापन के बाद विदेशी मेहमानों को काशी भ्रमण कराया गया। इसी क्रम में विदेशी मेहमान गंगा आरती देखने के लिए दशाश्वमेध घाट पहुंचे। क्रूज में गंगा आरती देखकर विदेशी मेहमान बस से वापस होटल लौट रहे थे। जैसे ही मड़ुआडीह थाने के समीप पहुंचे, तभी एक पत्थर बस पर जाकर लगा। इससे बस की खिड़की का शीशा टूटकर एक विदेशी मेहमान की आंख के पास जाकर लगा। घटना के बाद बस रोकी गई। वहीं इसकी जानकारी अधिकारियों को दी गई। मौके पर पुलिस उपायुक्त समेत कई अधिकारी पहुंच गए प्रशासन ने घटना को काफी गंभीरता से लिया है। वहीं इसकी संजीदगी से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किसी अवांछनीय तत्व ने यह हरकत तो नहीं की। इसमें मड़ुवाडीह पुलिस की लापरवाही भी उजागर हुई है। विदेशी मेहमानों के मूवमेंट के दौरान सभी संबंधित थानों को अलर्ट रहने का निर्देश पहले से ही दिया गया है। ऐसे में यह घटना पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल खड़े कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *