वाराणसी। त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन व हिंदू युवा वाहिनी की ओर से गुरुवार को वंदेमातरम गीत दिवस पर 75 मीटर लंबे तिरंगे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान डमरू दल व शहनाई की मधुर धुन सुनकर लोग मंत्रमुग्ध हो गए। इसकी शुरूआत मैदागिन स्थित गोरक्षनाथ मंदिर से हुई। अन्नपूर्णा मठ मंदिर के महंत शंकरपुरी, पातालपुरी मठ के महंत बालकदास जी महाराज, गोरक्षनाथ मंदिर के महंत योगी रामनाथ जी महाराज ने हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया। इस दौरान कार्यकर्ता व पदाधिकारी भारत माता की जय और वंदेमातरम के नारे लगाते हुए चल रहे थे कार्यक्रम के संयोजक हिंदू युवा वाहिनी के मंडल प्रभारी व वाराणसी विकास प्राधिकरण के सदस्य अंबरीश सिंह भोला ने बताया कि शोभायात्रा गोरक्षनाथ मंदिर से कबीरचौरा, लहुराबीर, नई सड़क होते हुए गिरिजाघर चौराहे के पास स्थित शहीद ऊधम सिंह पंचमुहानी पर जाकर समाप्त हुई। 75 मीटर लंबे तिरंगे के साथ डमरू दल व शहनाई की प्रस्तुति ने सबका मन मोह लिया। इसके अलावा भारत माता व भगत सिंह, सुखदेव, चंद्रशेखर आजाद समेत 25 क्रांतिकारियों व शहीदों की तस्वीर लेते हुए वाहिनी के कार्यकर्ता चल रहे थे। जगह-जगह उन पर पुष्पवर्षा की गई अन्नपूर्णा मठ मंदिर के महंत शंकरपुरी ने कहा कि इस तरह का आयोजन होना चाहिए। इस यात्रा का उदेश्य लोगों को वंदे मातरम गीत को लेकर जागरूक करने का कार्य किया गया और आगे भी ऐसे ही किया जाएगा। इस शुभ अवसर पर शहीदों के परिजनों का भी सम्मान किया गया। कारगिल के युद्ध में शामिल रहे अजय कुमार सिंह, विजय शंकर पांडे, सत्य प्रकाश राय, कुलदीप कुमार मौर्य आदि रहे। इस अवसर पर सुनील सिंह, आशुतोष सिंह आशु, मनीष मिश्रा, सुनील कुशवाहा, अजय सिंह, शनि गुप्ता आदि रहे।