क्रासरःदूसरे दिन शंातिपूर्वक सम्पन्न हुई परीक्षा
बांदा। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा के दूसरे दिन जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर सुबह 10 बजे से 12 बजे तक हुई। दूसरी पाली तीन बजे से शुरू होकर शाम पांच बजे तक चली। गणित और सामान्य ज्ञान के घुमावदार सवालों ने अभ्यर्थियों को खूब दिमागी कसरत कराई। बाहर निकले अभ्यर्थियों में कुछ के चेहरे पर मुस्कान थी कुछ के चेहरे पर निराशा। उधर, पहली और दूसरी पाली में पंजीकृत 13,152 अभ्यर्थियों में 7,427 उपस्थित रहे। जबकि 5,525 ने परीक्षा से किनारा कर लिया।
पीईटी परीक्षा को लेकर दूसरे दिन रविवार को पूरे जिले में हलचल रही। परीक्षा की तैयारियों को लेकर पिछले एक सप्ताह से जिला प्रशासन जुटा हुआ था। पीईटी परीक्षा की प्रथम पाली में 6576 अभ्यर्थी पंजीकृत रहे। 3740 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। जबकि 2636 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। इसी तरह दूसरी पाली में पंजीकृत 6576 में 3687 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 2889 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। उधर, पहली पाली की परीक्षा देकर खानकाह इंटर कालेज से निकले कौशांबी के सौरभ सिंह ने बताया कि सामान्य ज्ञान के प्रश्न कठिन थे। परीक्षा केंद्र आर्य कन्या से बाहर निकाली प्रयागराज की वंदना त्रिपाठी ने बताया कि कुल 100 सवाल आए थे, भूगोल व करेंट अफेयर्स के सवाल थोड़े उलझाऊ थे, बाकी विषय के आसान रहे। कौशांबी के ही पवन राजपूत ने बताया कि करेंट अफेयर्स से सवाल घुमाकर पूछे गए थे। हिंदी के सवाल आसान रहे। फात्मा गर्ल्स इंटर कालेज परीक्षा केंद्र से बाहर आईं अभ्यर्थी नूरजहां ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वालों के लिए सवाल सहज रहे। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर निकले छात्रों ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले इस वर्ष का पेपर काफी कठिन आया था और जनरल नॉलेज के प्रश्न काफी घूमा फिराकर कर पूछे गए थे, जिनका हल करने में काफी समय लग गया। वहीं कुछ छात्रों ने बताया कि पेपर 100 नंबर का आया था लेकिन नेगेटिव मार्किंग होने की वजह से काफी प्रश्नों को छोड़ना पड़ा। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर काफी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। चेकिंग करने के बाद ही अभ्यर्थियों को केंद्रों पर प्रवेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *