– सिविल लाईन चौकी क्षेत्र के बिजली खेड़ा की घटना
बांदा। शहर कोतवाली अंतर्गत बिजली खेड़ा मोहल्ले में शुक्रवार को सवेरे एक ही रस्सी में पूर्व फौजी की पत्नी अपनी बेटी सहित फांसी के फंदे पर लटकी मिली। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और फील्ड यूनिट टीम के साथ जांच पड़ताल शुरू कर दी। मृतका पूर्व फौजी की तीसरी पत्नी बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार  शहर के बिजली खेड़ा मोहल्ले में रहने वाले सेवानिवृत्त फौजी ननकाई प्रसाद की पत्नी हीरामणि(45) और बेटी रंजना(20) का शव शुक्रवार को सुबह लगभग 7 बजे एक ही रस्सी में फंदे पर लटका हुआ मिला। ननकाई प्रसाद के बेटे ने देखा तो उसकी चीख निकल गई। बेटे की चीख पुकार सुनकर पूर्व फौजी व मोहल्ले के आसपास के लोग आ गए। आनन-फानन में घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी नगर राजीव प्रताप सिंह, कोतवाली प्रभारी और अन्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने फील्ड यूनिट टीम को बुलाया। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इस संबंध में मृतका के पति पूर्व फौजी ननकाई प्रसाद ने बताया कि गुरुवार की रात में परिवार के साथ पत्नी और बेटी ने भी खाना खाया और फिर सो गए थे। घर में किसी तरह का कोई बात विवाद भी नहीं हुआ। पता नहीं पत्नी ने क्यों आत्मघाती कदम उठाया। वहीं मृतका की बहन कुसमा देवी ने बताया कि मुझे जानकारी नहीं है कि घर में कोई झगड़ा फसाद होता था। वैसे तो हर घर में किसी न किसी तरह की खटपट होती रहती है। बहन से कभी दो या तीन महीने में मुलाकात होती थी। कभी उसने कोई परेशानी नहीं बताई। कुसमा देवी ने यह भी बताया कि मृतका हीरामणि पूर्व फौजी की तीसरी पत्नी है। इसके पहले पूर्व फौजी की दो पत्नियों की मृत्यु हो चुकी है। पहली पत्नी के बच्चे नहीं थे जबकि दो पत्नियों के बच्चे हैं। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नगरी राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि आज सुबह कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई की कि बिजली खेड़ा मोहल्ले के एक मकान में मां बेटी ने आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने पर मैं, कोतवाली प्रभारी के साथ घटनास्थल पर पहुंचा और मोहल्ले के सभासद की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर शवों को बाहर निकाला गया। प्रथम दृष्टया घटना गृह कलह के कारण हुई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *