मेला स्थल पर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
मौदहा। थाना मौदहा क्षेत्र में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक कंस मेला 2026 को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को चित्रकूटधाम परिक्षेत्र, बांदा के पुलिस उपमहानिरीक्षक राजेश एस.ओ. के साथ जिलाधिकारी हमीरपुर एवं पुलिस अधीक्षक हमीरपुर ने कंस मेला स्थल का गहन निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने मेला परिसर का भ्रमण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था समेत भीड़ नियंत्रण से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान मेला आयोजकों से भी बातचीत कर व्यवस्थाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने, महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने तथा मेला क्षेत्र में पैदल गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए बैरिकेडिंग और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। वहीं मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पार्किंग स्थलों एवं यातायात डायवर्जन की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए, ताकि भीड़ के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, पर्याप्त पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को मेला शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
कंस मेला मौदहा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं आमजन के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस-प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान कानून-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को प्राथमिकता दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक हमीरपुर, क्षेत्राधिकारी मौदहा, उपजिलाधिकारी मौदहा, प्रभारी निरीक्षक थाना मौदहा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।