हमीरपुर। जिले में पिछले करीब 36 घंटे से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के बीच सिकरोढ़ी गांव में एक दो मंजिला कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। मकान के मलबे में दबने से एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण कच्चे मकान की दीवारें और ढांचा कमजोर हो गया था। इसी बीच मकान अचानक भरभरा कर गिर पड़ा। हादसे के समय बुजुर्ग मकान के अंदर मौजूद थे और मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव का प्रयास शुरू किया और घटना की सूचना प्रशासन को दी।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य कराया गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। आसपास के ग्रामीण भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं।
एसडीएम सदर अभिषेक कुमार ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद नियमानुसार पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता/मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।
लगातार बारिश के कारण जिले के कई इलाकों में कच्चे मकानों और कमजोर भवनों को खतरा बढ़ गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति भी बनी हुई है। प्रशासन की ओर से लोगों से बारिश के दौरान जर्जर और कच्चे मकानों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।