खेत में मिला राजबहादुर का शव, पारिवारिक विवाद की आशंका; फील्ड यूनिट ने जुटाए साक्ष्य
हमीरपुर। थाना मुस्करा क्षेत्र के ग्राम पुरवा मोहल्ला मजरा मुस्करा में सोमवार को एक बुजुर्ग की हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार ग्राम निवासी राजबहादुर पुत्र बुद्धू, उम्र करीब 60 वर्ष, की सिर पर चोट पहुंचाकर हत्या कर दी गई।
पुलिस को सूचना मिली कि राजबहादुर खेत में मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं।
पुलिस के मुताबिक परिजनों से पूछताछ में बताया गया कि राजबहादुर के पारिवारिक चचेरे भाई अर्जुन पुत्र जमुना तथा चचेरे भतीजे जगत पुत्र मन्ना के बीच पहले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि लाठी की सब्बल से सिर पर वार कर राजबहादुर की हत्या की गई।
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फील्ड यूनिट टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े अन्य आवश्यक साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है। फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य बताई गई है।
हत्या की वारदात से गांव में हड़कंप
दिनदहाड़े हुई इस वारदात की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों में घटना को लेकर चर्चा का माहौल है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में जुटीं हैं