समिति से बनी डामर रोड का लोकार्पण केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी ने किया।

लखीमपुर (खीरी):-निघासन में रविवार को कस्बे के चंद्रगुप्तनगर मोहल्ले में मंडी समिति से बनी डामर रोड का लोकार्पण केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी ने किया। साथ ही उन्होंने परागीपुरवा प्राइमरी स्कूल की बाउंड्रीवाल के लिए नींवपूजन भी किया। कार्यक्रम के दौरान सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार के कार्यों का उल्लेख किया।नगर पंचायत चेयरमैन बद्रीप्रसाद मौर्य के इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी ने प्राइमरी स्कूल की चारदीवारी के लिए पूजन करके नींव की ईंटें रखीं। बाद में निघासन-ढखेरवा स्टेट हाइवे से हरनाम बोझिया तक मंडी समिति द्वारा बनवाई गई सड़क के शिलापट का पूजन अर्चन कर लोकार्पण किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद बहुत ही तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। जिसका सभी को सीधे लाभ मिल रहा है। डबल इंजन की सरकार देश के सभी नागरिकों के जीवन में परिवर्तन लाने के लिए प्रतिबद्ध है। लेकिन विरोधी दल के नेता के लिए परेशानी पैदा हो रही है। उनको लगता है कि मोदी के सामने वे प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे। अब देश में हालात बदल गए हैं। केंद्र में मोदी के नेतृत्व बनी सरकार के साढ़े नौ सालों के कार्यकाल में ईडी ने 1.16 करोड़ की संपत्ति जब्त की है। इससे विपक्षी दलों के लोग डरे हुए हैं। सभा को सांसद प्रतिनिधि अरविंद सिंह संजय, दयाशंकर मौर्य, विनोद मौर्य, विपिन आदि ने संबोधित किया। इससे पहले चेयरमैन समेत अन्य लोगों ने टेनी को माल्यार्पण कर स्वागत किया। चेयरमैन बद्रीप्रसाद मौर्य ने आभार जताया। कार्यक्रम में तहसीलदार भीमचंद, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि अमनदीप सिंह, दयाशंकर मौर्य, अशोक तिवारी, हरिशंकर शर्मा सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संगमलाल मिश्र ने किया।