महोबा। कुलपहाड़ में आयोजित होने वाले जल विहार मेले को लेकर महोबा पुलिस ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के मद्देनजर तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक महोबा श्री शशांक सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वन्दना सिंह ने शनिवार को मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना कुलपहाड़ क्षेत्र में आयोजित होने वाले कुलपहाड़ जल विहार मेले का प्रभारी निरीक्षक कुलपहाड़ अवधेश मिश्रा एवं प्रभारी मेला उपनिरीक्षक विकास तिवारी की मौजूदगी में निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेला परिसर में श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा भीड़ प्रबंधन को लेकर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने मेले में स्थापित अस्थायी पुलिस चौकी एवं कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। कंट्रोल रूम के माध्यम से मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखने तथा मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की लगातार ड्यूटी सुनिश्चित करने को कहा।
महोबा पुलिस द्वारा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक पुलिस प्रबंध किए जा रहे हैं।