महोबा। जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी प्रभास कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने लहचूरा डैम पहुंचकर जलस्तर और जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने डैम का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से जलस्तर, जल निकासी और आसपास के क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लगातार बारिश को देखते हुए डैम एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। जलस्तर में होने वाली वृद्धि की नियमित जानकारी लेते हुए आवश्यकता पड़ने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं। संवेदनशील एवं निचले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने तथा ग्रामीणों को समय से आवश्यक सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को किसी भी आपदा की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने तथा आकस्मिक परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि लगातार बारिश के दौरान जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहकर स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखें।