डीएम एवं एसपी ने परीक्षा केन्द्रों का किया स्थलीय निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
महोबा, 12 अक्टूबर 2025 —
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित सहायक वन संरक्षक एवं क्षेत्रीय वन अधिकारी (एसीएफ/आरएफओ) परीक्षा-2025 आज जनपद महोबा में दो पालियों में शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न हुई। परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने हेतु जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग की ओर से सुदृढ़ सुरक्षा और निगरानी के व्यापक इंतज़ाम किए गए थे।
परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी महोबा गजल भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक महोबा प्रबल प्रताप सिंह सहित अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केन्द्रों पर साफ-सफाई, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति की स्थिति की गहन समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं समय से सुचारु बनी रहें।
पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह ने पुलिस बल को सतर्क एवं संवेदनशील रहते हुए परीक्षा केंद्रों की परिधि में किसी भी प्रकार की भीड़ या अव्यवस्था न होने देने तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
जनपद में कुल 9 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा आयोजित की गई, जिनमें 3,727 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। सभी परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे तथा फ्लाइंग स्क्वॉड टीमों द्वारा निरंतर निगरानी की जा रही थी। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात एवं पीआरवी वाहनों की सक्रिय व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई थी।
उपस्थिति विवरण:
पहली पाली: 1,487 उपस्थित, 2,240 अनुपस्थित
दूसरी पाली: 1,482 उपस्थित, 2,245 अनुपस्थित
परीक्षा बिना किसी व्यवधान के पूर्ण रूप से शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न हुई।